
राज्य शासन के निर्देशानुसार 1 से 31 जनवरी तक मनाए जा रहे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत बुधवार को गौरेला–पेंड्रा–मरवाही जिले में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस कंट्रोल रूम गौरेला में हुए इस कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे, कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी एवं नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी ने सड़क सुरक्षा के महत्व और यातायात नियमों के पालन पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता लाने के उद्देश्य से जागरूकता रथ एवं हेलमेट बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। साथ ही उपस्थित लोगों को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित जीवन के लिए यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।हेलमेट बाइक रैली पुलिस कंट्रोल रूम से प्रारंभ होकर रेलवे स्टेशन, मंगली बाजार, बायपास, बस स्टैंड और संजय चौक होते हुए पुनः कंट्रोल रूम पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र कुमार जायसवाल सहित पुलिस व प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




