
भूतल परिवहन मंत्रालय, भारत सरकार एवं पुलिस मुख्यालय के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में माननीय आईजी, कमिश्नर एवं कलेक्टर की गरिमामयी उपस्थिति रही। यह अभियान 1 जनवरी से 31 जनवरी तक चलेगा, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।सड़क सुरक्षा माह के तहत प्रतिदिन रोस्टर के अनुसार अलग-अलग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए बाइक रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और नागरिकों ने भाग लिया। रैली के माध्यम से सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश दिया गया।सभी स्कूलों, कॉलेजों और महाविद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। बच्चों और युवाओं को कम उम्र से ही सड़क सुरक्षा के प्रति सजग बनाने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं को रोका जा सके।आगामी दिनों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, लर्निंग लाइसेंस शिविर और सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान आम नागरिकों से अपील की गई है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, तेज गति और रॉन्ग साइड ड्राइविंग से बचें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें और ट्रिपल सवारी न करें। पूरे माह विभिन्न माध्यमों से सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता अभियान जारी रहेगा।




