
छत्तीसगढ़ से एक बड़ी खबर सामने आई है। शासन ने राज्य सूचना आयोग में लंबे समय से प्रतीक्षित अहम नियुक्तियां कर दी हैं। रिटायर्ड आईएएस अधिकारी और प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव अमिताभ जैन को राज्य मुख्य सूचना आयुक्त के पद पर नियुक्त किया गया है। इस संबंध में राज्यपाल के नाम और आदेश से नियुक्ति आदेश जारी कर दिया गया है।इसके साथ ही राज्य सूचना आयोग में दो अन्य नियुक्तियां भी की गई हैं। रिटायर्ड आईएएस अधिकारी उमेश अग्रवाल और वरिष्ठ पत्रकार शिरीष चंद्र मिश्रा को राज्य सूचना आयुक्त के पद पर नियुक्त किया गया है।

इन सभी की नियुक्ति तीन वर्ष की अवधि के लिए की गई है।दरअसल राज्य मुख्य सूचना आयुक्त के पद पर लंबे समय से नियुक्ति को लेकर चर्चा चल रही थी, लेकिन मामला न्यायालय में लंबित होने के कारण इसमें देरी हो रही थी। अब कोर्ट संबंधी अड़चन दूर होने के बाद शासन ने पूर्व मुख्य सचिव अमिताभ जैन की नियुक्ति कर इस पद को भर दिया है।

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार इन नियुक्तियों की सेवा शर्तें, वेतन और अन्य भत्ते भारत सरकार की अधिसूचना दिनांक 24 अक्टूबर 2019 के तहत निर्धारित होंगे। ये नियम सूचना का अधिकार केंद्रीय सूचना आयोग एवं राज्य सूचना आयोगों में पदावधि, वेतन, भत्ते एवं सेवा की अन्य शर्तें नियम, 2019 के अंतर्गत लागू होंगे।




