
भाटापारा ग्रामीण क्षेत्र में अवैध रूप से शराब तस्करी और बिक्री करने वाले संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मुखबिर सूचना पर ग्राम तरेंगा में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पहले एक आरोपी को गिरफ्तार कर 40 पाव देसी मसाला शराब जब्त की। पूछताछ के दौरान शराब सप्लाई चैन का खुलासा हुआ, जिसके बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाया गया।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई विस्तृत विवेचना, पूछताछ और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी संगठित गिरोह बनाकर अवैध रूप से शराब की तस्करी और बिक्री कर रहे थे। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के साथ संगठित अपराध की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।




