
गरियाबंद पुलिस ने दीगर राज्य से हो रहे अवैध धान परिवहन और जिले में बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित नेटवर्क का खुलासा किया है। बीते दो माह चार दिवस में चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने कुल 3625.75 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 13 लाख 39 हजार 825 रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई देवभोग, अमलीपदर, इंदागांव और छुरा थाना क्षेत्रों में की गई।पुलिस के अनुसार 13 जनवरी को अलग-अलग स्थानों पर 10 पृथक कार्रवाइयों में 10 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 614 कट्टा यानी 245.6 क्विंटल अवैध धान जब्त हुआ, जिसकी कीमत करीब 7 लाख 61 हजार 360 रुपये है। मुखबिर की सूचना पर ओडिशा की ओर से बोलेरो पिकअप वाहनों में धान लाए जाने की पुष्टि हुई, जिसके बाद घेराबंदी कर तीन चारपहिया वाहनों से 170 कट्टा 71.5 क्विंटल धान पकड़ा गया।अभियान के दौरान कुल 83 प्रकरणों में 77 चारपहिया वाहन, 6 लावारिस धान के मामले और बिना नंबर प्लेट के 5 ट्रैक्टर भी जब्त किए गए। वैध दस्तावेज न होने पर धान को संबंधित विभाग को सुपुर्द किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान परिवहन और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई आगे भी सख्ती से जारी रहेगी।




