
बिलासपुर में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री व सांसद तोखन साहू की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में केंद्र व राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई, जिसमें मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और अरपा-भैंसाझार परियोजना शामिल रहीं।

केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे और किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने आवास योजना, स्मार्ट सिटी परियोजना और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर मुद्दे उठाए, वहीं सभी विभागों को लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।




