
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज शाम अटल नगर नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में रायपुर, बिरगांव नगर निगम एवं आसपास के क्षेत्रों के विकास कार्यों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में राजधानी को प्रदेश के सबसे बड़े शहर के रूप में विकसित करने के लिए बिंदुवार मंथन किया गया।मुख्यमंत्री ने बढ़ते शहरीकरण को ध्यान में रखते हुए सड़क, पेयजल, सीवरेज, आवास, यातायात और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी अधोसंरचनाओं को तय समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि राजधानी के विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनसुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू, रायपुर महापौर मीनल चौबे सहित मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह एवं वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।




