
कांकेर जिले में नेशनल हाईवे–30 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कुलगांव के पास तेज रफ्तार से जा रही एक क्रूज़र वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस भीषण हादसे में वाहन सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को एंबुलेंस की मदद से कांकेर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।प्राथमिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन का संतुलन बिगड़ना बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारू कराया। पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं पुलिस ने वाहन चालकों से हाईवे पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।




