
छत्तीसगढ़ के इतिहास में इस वर्ष गणतंत्र दिवस एक नया अध्याय जोड़ने जा रहा है। पहली बार राज्य के मुख्यमंत्री गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में बिलासपुर के ऐतिहासिक पुलिस मैदान में ध्वजारोहण करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 26 जनवरी को यहां तिरंगा फहराकर प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे।मुख्यमंत्री के आगमन और इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर जिला प्रशासन व पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस मैदान में परेड की रिहर्सल, मंच निर्माण और साज-सज्जा का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। उल्लेखनीय है कि अब तक गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री का मुख्य ध्वजारोहण कार्यक्रम प्रायः जगदलपुर में होता रहा है, लेकिन इस बार न्यायधानी बिलासपुर को यह विशेष सम्मान मिला है।

गणतंत्र दिवस के इस गरिमामय समारोह में विभिन्न सुरक्षा बलों की भव्य परेड के साथ राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी। इसके अलावा स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी, जिसमें छत्तीसगढ़ी लोक कला और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।मुख्यमंत्री के प्रोटोकॉल को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा। वहीं, बिलासपुरवासियों में इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर खासा उत्साह है, क्योंकि इस बार गणतंत्र का संदेश न्यायधानी बिलासपुर से पूरे प्रदेश में जाएगा।




