
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने संगठन विस्तार के तहत छत्तीसगढ़ में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति की है। इसी क्रम में बिलासपुर जिले से युवा एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और पूर्व पार्षद तजम्मुल हक को ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। नियुक्ति के बाद कांग्रेस संगठन में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।नई जिम्मेदारी मिलने के बाद शहर पहुंचे तजम्मुल हक का शहर से लेकर तोरवा क्षेत्र एवं उनके निवास तक भव्य स्वागत किया गया। समर्थकों ने पटाखे फोड़े, पुष्पगुच्छ भेंट किए, माल्यार्पण कर मिठाइयां खिलाईं और उन्हें बधाई दी। इस दौरान क्षेत्रवासियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह नजर आया।

मीडिया से बातचीत करते हुए नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष तजम्मुल हक ने पार्टी नेतृत्व, कांग्रेस जिलाध्यक्ष, वरिष्ठ नेताओं और सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे तथा संगठन में जो भी कमियां होंगी, उन्हें दूर करने का प्रयास किया जाएगा।तजम्मुल हक ने कहा कि ब्लॉक के सभी वार्डों में जाकर जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना जाएगा।पानी, बिजली सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। क्षेत्रवासियों और समर्थकों ने विश्वास जताया कि वे अपने अनुभव और टीम के सहयोग से संगठन को मजबूत करेंगे और कांग्रेस पार्टी के लिए बेहतर परिणाम लाकर दिखाएंगे।




