
सड़क सुरक्षा माह के तहत यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा गुरुवार को महाराणा प्रताप चौक में यातायात जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन, दुर्घटना से बचाव और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई का संदेश भी दिया गया।कार्यशाला में दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग की जानकारी दी गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे ने बताया कि भारत में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या और मृत्यु दर काफी अधिक है, ऐसे में दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए वाहन चालकों की स्वयं की जिम्मेदारी सबसे अहम है और नियमों का पालन जरूरी है।

इस दौरान मोटर व्हीकल एक्ट के नवीन प्रावधानों, 1.50 लाख रुपये तक की कैशलेस उपचार योजना, गुड सेमेरिटन को 25 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि और अज्ञात वाहन से दुर्घटना पर शासकीय क्षतिपूर्ति की जानकारी दी गई। वहीं सत्यम चौक यातायात परिसर में आयोजित लर्निंग लाइसेंस व बीमा शिविर का भी बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया।




