
जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम कुटरा में मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य में लगे स्थानीय श्रमिकों ने हड़ताल शुरू कर दी है। श्रमिकों का आरोप है कि उन्हें प्रतिदिन मात्र 250 रुपये मजदूरी दी जा रही है, जो शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी दर से काफी कम है।श्रमिकों का कहना है कि इस संबंध में उन्होंने कई बार ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उचित सुनवाई और भुगतान न होने से नाराज श्रमिकों ने सामूहिक रूप से काम बंद करने का फैसला लिया।

हड़ताल के कारण मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे तय समय पर परियोजना पूरी होने पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। श्रमिकों का साफ कहना है कि जब तक उन्हें शासन के नियमों के अनुसार पूरा और सही भुगतान नहीं मिलेगा, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे।वहीं इस पूरे मामले पर प्रशासन की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन और श्रम विभाग इस विवाद में क्या कदम उठाते हैं और क्या श्रमिकों को उनका हक मिल पाता है या नहीं। फिलहाल हड़ताल जारी है और निर्माण कार्य ठप पड़ा हुआ है।




