
रेलवे संरक्षा को मजबूत करने और जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल के संरक्षा विभाग द्वारा अकलतरा स्थित महावीर बाल संस्कार केंद्र विद्यालय में विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान बच्चों को अनाधिकृत रूप से रेलवे ट्रैक पर न चलने और ट्रैक पार न करने के खतरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।संरक्षा टीम ने विद्यार्थियों को रेलवे सुरक्षा नियमों की समझाइश देते हुए केवल अधिकृत समपार फाटक से ही ट्रैक पार करने की सलाह दी।

कार्यक्रम में बच्चों को रेलवे ट्रैक और उसके आसपास संभावित दुर्घटनाओं से अवगत कराया गया तथा सुरक्षित व्यवहार अपनाने की संरक्षा शपथ दिलाई गई। इस जागरूकता अभियान में विद्यालय के लगभग 1200 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रेलवे प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि रेलवे ट्रैक पर अनाधिकृत रूप से चलना या पार करना जानलेवा हो सकता है और सजगता से ही रेल दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।




