
भारत सरकार के खेल मंत्रालय एवं भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा आयोजित द्वितीय खेलो इंडिया बीच गेम्स का आयोजन 5 जनवरी से 10 जनवरी तक दमन एवं दीव में किया गया। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ राज्य के कुल छह खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में भागीदारी की। प्रतियोगिता में बिलासपुर के होनहार पेंचाक सिलाट मार्शल आर्ट्स खिलाड़ी शेख अरबाज अली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया, जिससे उन्होंने न सिर्फ बिलासपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया।इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में पेंचाक सिलाट संघ के प्रदेश अध्यक्ष मनीष बाग एवं महासचिव शेख समीर के नेतृत्व में पदक विजेता खिलाड़ी शेख अरबाज अली ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव से सौजन्य मुलाकात की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने खिलाड़ी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।महासचिव शेख समीर ने बताया कि शेख अरबाज अली पिछले तीन वर्षों से राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में लगातार पांचवां और छठवां स्थान प्राप्त कर रहे थे, लेकिन इस बार उन्होंने कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर खेलो इंडिया बीच गेम्स जैसी उच्च स्तरीय प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया। यह उपलब्धि पेंचाक सिलाट मार्शल आर्ट्स खेल के लिए ऐतिहासिक मानी जा रही है, क्योंकि खेलो इंडिया बीच गेम्स में इस खेल के किसी खिलाड़ी द्वारा पदक जीतने का यह गौरवपूर्ण अवसर है।




