
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कार्यस्थल पर महिलाओं को लैंगिक उत्पीड़न से सुरक्षा देने वाले पॉश एक्ट 2013 के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिलेभर में अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शासकीय परिसरों और प्रमुख चौक-चौराहों पर नुक्कड़ नाटकों का मंचन कर महिलाओं के कानूनी अधिकारों व शिकायत प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

कलेक्टर कार्यालय, जिला पंचायत परिसर सहित अन्य स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में गुरुघासीदास विश्वविद्यालय के आर्चिस ग्रुप ने नाटकों के माध्यम से पॉश एक्ट, आंतरिक व स्थानीय समिति, तथा संबंधित पोर्टल की जानकारी दी। साथ ही बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, सखी वन स्टॉप सेंटर, बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया।




