
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर बिलासपुर स्थित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। नॉर्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट मैदान में आयोजित भव्य समारोह में सुबह से ही उत्साह और गर्व का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में रेलवे अधिकारी, कर्मचारी, उनके परिवारजन और नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए और राष्ट्रीय पर्व का साक्षी बने। समारोह की शुरुआत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई।

ध्वजारोहण के पश्चात उन्होंने परेड की सलामी ली। राष्ट्रगान की गूंज के साथ पूरा परिसर तिरंगे के सम्मान में एकजुट दिखाई दिया, जिससे वातावरण पूरी तरह देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया।एंबिएंस- ध्वजारोहण गणतंत्र दिवस पर आयोजित परेड में रेलवे सुरक्षा बल आरपीएफ और स्काउट-गाइड के जवानों ने अनुशासित मार्चपास्ट कर सभी का दिल जीत लिया। उनकी सटीक चाल और समर्पण ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया। उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने तालियों के साथ जवानों का उत्साहवर्धन किया।

अपने संबोधन में जीएम तरुण प्रकाश ने गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिन लोकतंत्र, संविधान और राष्ट्रीय एकता के प्रति हमारी जिम्मेदारियों की याद दिलाता है। उन्होंने बताया कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने विकास, सुरक्षित परिवहन और माल ढुलाई के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में रेलवे ने रिकॉर्ड समय में 200 मिलियन टन माल लदान कर 23 हजार 655 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित किया, जबकि ऑपरेटिंग रेशियो देश में अग्रणी बना हुआ है।

रेलवे कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी लोगों को भावविभोर कर दिया। बच्चों ने स्वतंत्रता संग्राम के महान नायकों की झलक प्रस्तुत कर देशभक्ति का संदेश दिया।एंबिएंस- संस्कृतिक कार्यक्रम समारोह के अंत में जीएम तरुण प्रकाश ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए रेलकर्मियों से राष्ट्र निर्माण में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।




