
बिलासपुर में 77वें गणतंत्र दिवस का पर्व पूरे हर्षोल्लास, गौरव और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और संयुक्त परेड की सलामी ली। ध्वजारोहण के साथ ही पूरा परिसर भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा।

ध्वजारोहण के पश्चात मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने परेड का निरीक्षण किया। सलामी के बाद हर्ष फायर किया गया, जिसने माहौल को और अधिक उत्साहपूर्ण बना दिया। अनुशासन, शौर्य और समर्पण का प्रतीक यह परेड दर्शकों के लिए गर्व का क्षण रही।मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अपने संदेश में कहा कि भारत का संविधान हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा है, जो समानता, न्याय और अधिकारों की गारंटी देता है।

उन्होंने विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को दोहराते हुए राज्य को प्रगति के पथ पर आगे ले जाने की प्रतिबद्धता जताई।इस वर्ष गणतंत्र दिवस कई मायनों में ऐतिहासिक रहा। वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ और छत्तीसगढ़ पुलिस बल की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिला पुलिस द्वारा प्रस्तुत विशेष झांकी समारोह का मुख्य आकर्षण बनी, जिसे दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा।

समारोह में स्कूली बच्चों और कलाकारों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी को भावविभोर कर दिया। वहीं विभिन्न शासकीय विभागों की योजनाओं पर आधारित भव्य झांकियों ने प्रदेश की विकास यात्रा को सजीव रूप में प्रदर्शित किया। पुलिस, होमगार्ड सहित विभिन्न विभागों की कुल 13 टुकड़ियों ने अनुशासित और आकर्षक परेड प्रस्तुत की। राष्ट्रीय बैंड की देशभक्ति धुनों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों के परिजनों को शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।

पहली बार मुख्यमंत्री द्वारा पुलिस ग्राउंड में ध्वजारोहण किए जाने से आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। समारोह में नगर विधायक अमर अग्रवाल, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला,छत्तीसगढ़ क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी,आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, डीआईजी रजनेश सिंह सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे। यह समारोह बिलासपुर में देशभक्ति, संविधान और राष्ट्रीय एकता का सशक्त प्रतीक बनकर सामने आया।




