
गणतंत्र दिवस के अवसर पर ग्राम खपराडीह भाटापारा में यातायात शाखा भाटापारा के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया गया। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने पूजा-अर्चना कर एवं फीता काटकर नए भवन का लोकार्पण किया।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने कहा कि बेहतर पुलिसिंग और सुचारु यातायात व्यवस्था के लिए आधारभूत संरचनाओं का सुदृढ़ होना आवश्यक है। उन्होंने यातायात शाखा में पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लगन, मेहनत और तत्परता से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया और नए भवन के लिए बधाई दी।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व यातायात शाखा भाटापारा का संचालन बस स्टैंड स्थित पुराने भवन से हो रहा था, जहां स्थान की कमी के कारण कार्य संचालन में कठिनाइयां आ रही थीं। साथ ही यातायात कार्रवाई के दौरान जब्त वाहनों के रखरखाव के लिए भी पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं था।उद्घाटन कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भाटापारा हेमसागर सिदार, एसडीओपी भाटापारा तारेश साहू, उप पुलिस अधीक्षक यातायात संजय साहू, प्रभारी यातायात निरीक्षक नरेश कांगे, थाना प्रभारी भाटापारा शहर निरीक्षक अमित पाटले सहित यातायात शाखा के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




