
छत्तीसगढ़ प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने रायपुर स्थित रामकृष्ण अस्पताल पहुंचकर नक्सली हमले में घायल जवानों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक जवान का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।गौरतलब है कि छत्तीसगढ़–तेलंगाना सीमा पर कार्रेगुटा पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा प्लांट किए गए IED में विस्फोट हो गया था। इस घटना में कुल 11 जवान घायल हुए थे, जिन्हें इलाज के लिए रायपुर लाया गया है।रामकृष्ण अस्पताल में सभी घायल जवानों का विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उपचार जारी है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार सभी जवानों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने जवानों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार और पूरा राज्य उनके साथ खड़ा है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के इलाज में किसी भी तरह की कमी न होने देने के निर्देश दिए और सुरक्षा बलों के साहस व समर्पण की सराहना की।




