
बिलासपुर संभाग के आईजी राम गोपाल गर्ग का मुंगेली जिला दौरा सोमवार को संपन्न हुआ। इस दौरान उन्होंने मुंगेली जिले के पुलिस अधीक्षक भोज राम पटेल सहित जिले के समस्त राजपत्रित व थाना प्रभारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में आईजी ने विभागीय पेंडेंसी को प्राथमिकता से निराकृत करने पर जोर दिया और स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों, शिकायतों और विवेचनाओं का समयबद्ध निपटारा किया जाए।आईजी राम गोपाल गर्ग ने कहा कि पुलिस को बेसिक पुलिसिंग के साथ-साथ डिजिटल पुलिसिंग की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ना होगा। तकनीक के बेहतर उपयोग से न केवल अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी, बल्कि आम जनता के साथ पुलिस का संवाद भी मजबूत होगा।

पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने “अनुभव ऐप” का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि बहुत जल्द ही संभाग के सभी थानों और पुलिस चौकियों में स्कैनर लगाए जाएंगे, जिससे प्रार्थी सीधे अपने अनुभव और फीडबैक साझा कर सकेंगे। इससे पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और सुधार सुनिश्चित होगा।दौरे के दौरान आईजी ने जरहागांव थाना का निरीक्षण भी किया। उन्होंने थाना परिसर, अभिलेखों की संधारण व्यवस्था, मालखाना और जनसुविधाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। आईजी के इस दौरे से जिले की पुलिसिंग को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। तखतपुर से विनय करिहार




