
ड्यूटी के दौरान आकस्मिक निधन होने पर जिले में पदस्थ स्वर्गीय प्रधान आरक्षक दिलीप ठाकुर की पत्नी श्रीमती सरस्वती सिंह ठाकुर एवं जीआरपी थाना रायगढ़ में पदस्थ स्वर्गीय राम सिंह लकड़ा की पत्नी श्रीमती किरण लकड़ा को पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत 10–10 लाख रुपये की बीमा राशि का चेक प्रदान किया गया। यह चेक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह एवं एसबीआई शाखा पुसौर के प्रबंधक द्वारा सौंपा गया।इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने शोकसंतप्त परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि प्राप्त राशि का विवेकपूर्ण उपयोग करें और किसी भी प्रकार के फर्जी निवेश या प्रलोभन से बचें। बैंक प्रबंधन ने भी आगाह किया कि ऐसी परिस्थितियों में फेक कॉल और झूठे निवेश प्रस्तावों से सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने परिजनों से संवाद करते हुए कहा कि पुलिस विभाग केवल एक सेवा संस्था नहीं, बल्कि एक परिवार है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में पुलिस परिवार उनके साथ खड़ा है और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।एसएसपी ने बताया कि जिले के सभी पुलिसकर्मियों का पुलिस सैलरी पैकेज कराया गया है, जिसके तहत आकस्मिक दुर्घटना या निधन की स्थिति में एक करोड़ रुपये तक की बीमा राशि का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि जोखिमपूर्ण ड्यूटी निभाने वाले पुलिसकर्मियों के परिवारों के लिए यह बीमा एक मजबूत सुरक्षा कवच है। इस अवसर पर डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने एसएसपी एवं एसबीआई प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।




