
जिले में गुम हुए मोबाइल फोनों को लेकर चलाए गए समाधान अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग कंपनियों के कुल 417 गुम मोबाइल रिकवर किए हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 63 लाख रुपये बताई जा रही है। ये मोबाइल जिले के विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर बरामद किए गए।पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह और निरीक्षक प्रणाली वैद्य के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।

अभियान के दौरान जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, महासमुंद, रायपुर, अंबिकापुर सहित छत्तीसगढ़ के कई जिलों के साथ-साथ महाराष्ट्र, झारखंड, ओडिशा, मध्यप्रदेश और बिहार जैसे अन्य राज्यों से भी गुम मोबाइल रिकवर किए गए।दिनांक 3 फरवरी को पुलिस कम्युनिटी हॉल बलौदाबाजार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी की मौजूदगी में सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए।

लंबे समय से मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों ने अपना मोबाइल वापस पाकर पुलिस के प्रति आभार जताया और अभियान की सराहना की।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि समाधान अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से अपील की कि लावारिस या सस्ते दामों में बिना रसीद मिलने वाले मोबाइल की सूचना तत्काल पुलिस को दें। साथ ही कार्यक्रम में साइबर ठगी और उससे बचाव के उपायों की जानकारी भी दी गई। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में भी पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर लगभग 96 लाख रुपये कीमत के 640 गुम मोबाइल रिकवर किए थे।




