
थाना बिल्हा पुलिस ने पैसे दोगुना करने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने दुगुना करने का झांसा देकर प्रार्थी से 2 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 85 हजार रुपये नगद जब्त किए हैं।पुलिस के अनुसार, प्रार्थी शिव कुमार चेरवा निवासी चर्चा, जिला कोरिया ने 3 फरवरी 2026 को थाना बिल्हा में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि गुरुजी, सरपंच रिखीराम नवरंग सहित अन्य आरोपियों ने मिलकर झरन के नाम पर 2.50 लाख रुपये लेकर उसे 2 करोड़ रुपये बनाने का झांसा दिया और धोखाधड़ी की।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बिल्हा ने टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपियों रिखीराम नवरंग, विजय राज, बृजबाई गोड, विमला बाई एवं वृहस्पति बाई गोड को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने ठगी करना स्वीकार किया।पुलिस ने आरोपियों को 3 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक अवनीश पासवान, प्रधान आरक्षक अमर चंद्रा, अनिल बंजारे, आरक्षक अर्जुन जांगड़े, संतोष मरकाम, महिला आरक्षक सुनीता पाटले एवं चंदा यादव की अहम भूमिका रही।




