
बिलासपुर। शहर में नकली कॉस्मेटिक उत्पादों की बिक्री की शिकायतों के बीच ड्रग विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को ड्रग इंस्पेक्टर की टीम ने व्यापार विहार स्थित एक ट्रेडिंग कंपनी पर अचानक छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया। यह कार्रवाई नकली उत्पाद बेचे जाने की आशंका के आधार पर की गई। ड्रग विभाग की टीम ने व्यापार विहार में संचालित सागर ट्रेडिंग कंपनी में दबिश दी। टीम ने यहां कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स की दुकान और गोदाम की गहन जांच की। इस दौरान कई ऐसे उत्पाद पाए गए जिनकी गुणवत्ता और वैधता पर संदेह जताया जा रहा है। जांच के दौरान विशेष रूप से हेयर ऑयल और अन्य कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स को लेकर नकली होने की आशंका सामने आई। ड्रग इंस्पेक्टर की टीम ने मौके से संदिग्ध उत्पादों के सैंपल जब्त कर लिए और उन्हें आगे की जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। विभाग द्वारा नियमों के तहत सैंपलिंग की प्रक्रिया पूरी की गई है ताकि उत्पादों की वास्तविकता सामने आ सके। ड्रग विभाग के अधिकारियों के अनुसार लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि उत्पाद नकली या मानकों के विपरीत पाए जाते हैं तो संबंधित कंपनी के खिलाफ औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी के बाद क्षेत्र के अन्य व्यापारियों में भी हड़कंप का माहौल है।




