
थाना सिविल लाइन क्षेत्र में वाहन टक्कर को लेकर हुए विवाद में चाकूबाजी की घटना पर बिलासपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शानू उर्फ अश्वनी यादव सहित चार अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक अपचारी बालक के कब्जे से लोहे का चाकू भी जप्त किया है।घटना 4 फरवरी की है, जब प्रार्थी आशीष कुमार कुर्रे अपने साथियों के साथ ऑटो से जा रहा था। भारतीय नगर मोड़ के पास स्कूटी चालक से टक्कर के बाद विवाद हुआ, जिसके बाद शाम को ऑटो शोरूम के पास आरोपियों ने दोबारा पहुंचकर गाली-गलौज, मारपीट की और एक अपचारी बालक ने चाकू से हमला कर प्रार्थी को घायल कर दिया।मामले की सूचना पर सिविल लाइन पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा और 6 फरवरी को विधिवत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को जिला न्यायालय तथा चार अपचारी बालकों को किशोर न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की हिंसक घटनाओं में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।




