
अचानकमार टाइगर रिजर्व और उससे लगे वन क्षेत्रों में इन दिनों एक बाघिन अपने 4 से 5 महीने के शावकों के साथ सक्रिय है। वन विभाग के अनुसार बाघिन पिछले एक सप्ताह से करीब 10 से 12 किलोमीटर के दायरे में ही घूम रही है, क्योंकि शावक अभी छोटे हैं। हाल ही में एक तालाब किनारे गीली मिट्टी पर बाघिन और उसके शावकों के ताजा पगमार्क मिले हैं, वहीं शनिवार सुबह एक स्कूल की बाउंड्रीवाल के पास भी उसकी मौजूदगी देखी गई, जिसके बाद इलाके में अलर्ट जारी किया गया।बाघिन की गतिविधियों को देखते हुए बिलासपुर जिले के जंगलों में वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। बाघिन की मौजूदगी वाले क्षेत्र से 3 से 4 किलोमीटर दूर एक मवेशी के शिकार की सूचना भी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है कि शिकार उसी बाघिन ने किया है या किसी अन्य वन्यजीव ने।ग्रामीण इलाकों में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया गया है। वन विभाग ने ग्रामीणों को अकेले जंगल की ओर न जाने और सुबह-शाम विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। गांवों में सुरक्षा को लेकर जागरूकता भी बढ़ाई जा रही है ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।तीनों डिवीजनों—टाइगर रिजर्व, वन विकास निगम और कोटा वन मंडल—की संयुक्त टीमें 24 घंटे निगरानी कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल बाघिन ने किसी व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया है, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी सुरक्षा इंतजाम पुख्ता किए गए हैं।




