
छत्तीसगढ़ में इस बार होली पर ड्राई डे नहीं रहेगा। छत्तीसगढ़ सरकार ने नई आबकारी नीति के तहत बड़ा निर्णय लेते हुए होली के दिन शराब दुकानों को खुला रखने की अनुमति दे दी है। इससे पहले हर साल होली पर प्रदेश में शराब बिक्री पर रोक रहती थी।सरकार ने अपनी नई नीति में बदलाव करते हुए कुल सात ड्राई डे में से तीन दिन समाप्त कर दिए हैं। इनमें होली के साथ मुहर्रम और महात्मा गांधी निर्वाण दिवस भी शामिल हैं। इस फैसले के बाद त्योहारों के दौरान बिक्री को लेकर नियमों में अहम बदलाव हुआ है।अब तक होली से पहले लोग शराब की खरीदारी कर स्टॉक कर लेते थे, क्योंकि त्योहार के दिन दुकानें बंद रहती थीं। कई जगह पुलिस द्वारा चेकिंग भी की जाती थी, जिससे लोगों में कार्रवाई का डर बना रहता था। इस बार ऐसी स्थिति नहीं रहेगी और जरूरत पड़ने पर लोग सीधे दुकान से खरीद सकेंगे।हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। होली के दौरान नशे में हुड़दंग या शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।सरकार के इस फैसले को लेकर जहां शराब उपभोक्ताओं में चर्चा है, वहीं प्रशासनिक स्तर पर त्योहार को शांतिपूर्ण बनाए रखने की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।




