
बिलासपुर में श्रीराम लला दर्शन यात्रा समिति और समाजसेवी प्रवीण झा द्वारा लगातार तीसरे वर्ष 1008 श्रद्धालुओं को निःशुल्क अयोध्या दर्शन कराने की घोषणा की गई है। इस संबंध में बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया गया कि रामनवमी के अवसर पर भक्तों को राम जन्मभूमि मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। समिति ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़ी यह पहल हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़े स्तर पर आयोजित की जाएगी। यात्रा के लिए पंजीयन प्रक्रिया 1 मार्च से शुरू होगी। रजिस्ट्रेशन के लिए दो पासपोर्ट साइज फोटो और आधार कार्ड अनिवार्य होंगे।

समिति ने स्पष्ट किया है कि एक परिवार से अधिकतम दो सदस्य ही यात्रा में शामिल हो सकेंगे ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को अवसर मिल सके। पंजीयन पुलिस ग्राउंड कैंपस में किया जाएगा और यात्रा अंबिकापुर मार्ग से प्रयागराज होते हुए अयोध्या पहुंचेगी। समिति के अनुसार दर्शन के बाद उसी रात बसों से वापसी की व्यवस्था रहेगी। पूरी यात्रा निःशुल्क होगी जिसमें भोजन और ठहरने की सुविधा शामिल है। प्रवीण झा ने कहा कि उनका उद्देश्य अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को रामलला के दर्शन का अवसर प्रदान करना है। इस धार्मिक और सामाजिक पहल को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।




