
बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर होली के मद्देनज़र यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट पर कर दिया गया है। प्लेटफॉर्म, ट्रेनों और स्टेशन परिसर में रेलवे सुरक्षा बल की लगातार पेट्रोलिंग जारी है, जबकि प्रवेश-निकास द्वारों और संवेदनशील पॉइंट्स पर अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। मंडल प्रशासन का कहना है कि त्योहार के दौरान भीड़ प्रबंधन और अपराध रोकथाम दोनों पर खास फोकस रखा जा रहा है।

बिलासपुर मंडल के सीनियर डीएससी सौरव कुमार ने बताया कि अतिरिक्त सुरक्षा बल की मांग के बाद स्पेशल टीम को डिवीजन में तैनात किया गया है, जिससे स्टेशन परिसर में विजिबिलिटी बढ़ी है। वहीं झारसुगुड़ा रेलवे स्टेशन जैसे इंटरचेंज स्टेशनों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। क्विक रिस्पॉन्स टीम को भी तैयार रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके और यात्रियों को सुरक्षित व सुगम यात्रा मिल सके।




