
होली पर्व के दौरान लवन नगर में चाकूबाजी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान महेंद्र वर्मा निवासी ग्राम बगबुडा थाना लवन के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार 4 मार्च की रात बूढ़ा तालाब के पास आरोपी अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल से पहुंचा और पुरेंद्र जायसवाल के बारे में पूछताछ करने लगा। जानकारी नहीं होने की बात कहने पर आरोपी ने सोनू जायसवाल के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।इस दौरान आरोपी ने हत्या की नीयत से चाकू से सोनू जायसवाल के पेट में वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। पीड़ित की शिकायत पर थाना लवन में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महेंद्र वर्मा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक चाकू और मोटरसाइकिल जप्त की है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।




