
जांजगीर-चांपा जिले में होली उत्सव के दौरान नाबालिग बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में शराब पिलाने का मामला सामने आया है। इस मामले में कोतवाली जांजगीर पुलिस ने आरोपी सोनू दरवेश निवासी इंदिरा आवास वार्ड नंबर 4 भाटापारा सुकली को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से शराब की बोतल और डिस्पोजल गिलास भी जब्त किए गए हैं।जानकारी के मुताबिक 3 मार्च को जिला अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम सुकली में होली उत्सव के दौरान कुछ नाबालिग बच्चों को शराब पिलाए जाने के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर बच्चों और उनके परिजनों से पूछताछ की, जिसमें पता चला कि आरोपी सोनू दरवेश अपने घर के सामने साउंड बॉक्स लगाकर नाच-गाना कर रहा था। इसी दौरान तीन नाबालिग बच्चे वहां पहुंचे, जिन्हें आरोपी ने कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर जबरन पिला दी, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई और उल्टी होने लगी।मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और सीएसपी योगिता बालिका खापर्डे के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने नाबालिग बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिलाने की बात स्वीकार की है। आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




