
बिलासपुर के शासकीय जे.पी. वर्मा स्नातकोत्तर कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने खेल के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। महाविद्यालय के छह खिलाड़ियों का चयन ऑल इंडिया नेटबॉल पुरुष वर्ग प्रतियोगिता के लिए किया गया है। चयनित खिलाड़ियों में सौम्य संतवानी, हर्ष सिंह ठाकुर, सूर्यप्रकाश रजक, आशीष कुर्रे, स्वप्निल सोनी और विवेक लोधी शामिल हैं। ये सभी खिलाड़ी अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए भोपाल में आयोजित ऑल इंडिया नेटबॉल पुरुष वर्ग प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले आयोजित ऑल इंडिया नेटबॉल महिला वर्ग प्रतियोगिता में भी महाविद्यालय की पांच छात्राओं का चयन हुआ था। इनमें शारदा, हिमांशी साहू, कामिनी रजक, तारिणी वर्मा और अंजू शामिल थीं, जिन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय की ओर से विजयवाड़ा में आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेकर महाविद्यालय का नाम रोशन किया था।महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.एल. निराला ने इस उपलब्धि पर सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि कॉलेज के छात्र-छात्राएं लगातार खेलों में बेहतर प्रदर्शन कर संस्थान का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि चयनित खिलाड़ी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय और राज्य का गौरव बढ़ाएंगे।महाविद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।




