
सीएम विष्णु देव साय से विधानसभा स्थित उनके कार्यालय में छत्तीसगढ़ स्टेट ज्यूडिशियल एकेडमी बिलासपुर के प्रशिक्षु न्यायाधीशों ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सभी प्रशिक्षु न्यायाधीशों को न्यायिक सेवा में चयन के लिए बधाई देते हुए कहा कि न्यायपालिका लोकतंत्र का महत्वपूर्ण और सशक्त स्तंभ है, जो आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा में अहम भूमिका निभाता है।मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में प्रशिक्षु न्यायाधीशों के कंधों पर समाज और न्याय व्यवस्था से जुड़ी बड़ी जिम्मेदारियां होंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी न्यायाधीश निष्पक्षता, संवेदनशीलता और संविधान के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहते हुए अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे। इस अवसर पर विधि विभाग की प्रमुख सचिव सुषमा सांवत, न्यायिक अकादमी की संचालक निधि शर्मा तिवारी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।




