
मुंगेली जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग और भंडारण के खिलाफ खाद्य विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए दाऊपारा क्षेत्र के कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। जिला खाद्य अधिकारी पंकज सेतपाल के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने जांच के दौरान अलग-अलग होटल और मिठाई दुकानों में घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण पाए जाने पर उन्हें जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान मुख्य मार्ग दाऊपारा स्थित अंजलि डेयरी एवं स्वीट्स में जांच की गई जहां 14.2 किलोग्राम के 4 घरेलू गैस सिलेंडर अवैध रूप से संग्रहित पाए गए।

आदेश का उल्लंघन पाए जाने पर सभी सिलेंडरों को जब्त किया गया। इसी तरह संयुक्त टीम ने श्रीराम होटल दाऊपारा में भी जांच की। यहां भी 14.2 किलोग्राम के 4 घरेलू गैस सिलेंडर अवैध रूप से उपयोग और भंडारण में पाए गए। नियमों के उल्लंघन के कारण इन सिलेंडरों को भी जब्त कर लिया गया और आगे की कार्रवाई के लिए रवि एचपी गैस एजेंसी को सौंप दिया गया।

खाद्य विभाग की टीम ने श्री धन्नू होटल एवं स्वीट्स दाऊपारा में भी निरीक्षण किया, जहां 14.2 किलोग्राम के 2 घरेलू गैस सिलेंडर अवैध रूप से रखे हुए मिले। इस कार्रवाई में जिला खाद्य अधिकारी पंकज सेतपाल के साथ सहायक खाद्य अधिकारी ज्योति मिश्रा और खाद्य निरीक्षक मुंगेली राहुल श्रीवास सहित खाद्य विभाग का संयुक्त दल शामिल रहा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है और इस तरह की अनियमितता पाए जाने पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




