
रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र में अवैध अफीम खेती के खिलाफ प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है। तमनार के आमाघाट से लेकर नवीन घटगांव और मुड़ागांव तक चलाए गए अभियान में 60 हजार से अधिक अफीम के पौधे और करीब 3 किलो तैयार अफीम जब्त की गई। इस मामले में मार्शल संगा और एमानुएल भेंगरा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।आगे की कार्रवाई में नवीन घटगांव निवासी सादराम नागवंशी और अभिमन्यु नागवंशी के कब्जे से बड़ी मात्रा में सूखी अफीम फसल बरामद की गई, वहीं मुड़ागांव में तानसिंह नागवंशी के पास से अफीम पोस्त जब्त किया गया। तीनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज कर कुल 61 किलो से अधिक अफीम जब्त की गई है।पुलिस ने ड्रोन और फिजिकल सर्वे के जरिए दुर्गम क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है, जिससे अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सका है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।




