
सिरगिट्टी के शुभम विहार स्थित श्री सोलापुरी माता पूजा समिति के पूजा पंडाल में कुमकुम पूजा का आयोजन अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की। पूरे पंडाल में मंत्रोच्चार, भजन और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।हिंदू धर्म में कुमकुम को सौभाग्य, शक्ति और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार माता पार्वती ने इसे सुहाग और शक्ति का प्रतीक बताया है। इसी आस्था के तहत महिलाओं ने कुमकुम पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि, पति की दीर्घायु और घर में सकारात्मक ऊर्जा की कामना की।

इस दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे को कुमकुम लगाकर मंगलकामनाएं भी दीं।रामनवमी के अवसर पर मां सोलापुरी का श्रृंगार कनका दुर्गा देवी के स्वरूप में किया जा रहा है। पूजा पंडाल में खीर का भोग अर्पित किया गया, जिसमें संयुक्त तेलुगु कल्याण समिति, बिलासपुर का सहयोग रहा। साथ ही कुमकुम पूजा और लकी ड्रा का आयोजन भी किया गया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।




