
जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में डकैती के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका था। अब पुलिस ने फरार आरोपी रवि निर्मलकर उर्फ बिल्लू और श्यामजी सिन्हा उर्फ बुटी को पकड़कर कार्रवाई की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 मार्च की सुबह आरोपीगण प्रार्थी सुदीप कुमार के घर में घुसकर दो एप्पल मोबाइल और एक सैमसंग मोबाइल सहित अन्य सामान चोरी कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने प्रार्थी और उसकी पत्नी के साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गए। इस दौरान एक आरोपी को मौके पर पकड़ लिया गया था, जबकि अन्य फरार हो गए थे।पुलिस ने लगातार पतासाजी कर मुखबिर सूचना के आधार पर दोनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।




