
जिले के शासकीय कुक्कुट फार्म कोनी में 24 मार्च को बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। एहतियात के तौर पर शहर के विभिन्न इलाकों में मुर्गी और उससे संबंधित सामग्री की लगातार जांच की जा रही है। यह कार्रवाई विभाग की रैपिड रिस्पांस टीम द्वारा की जा रही है।इसी बीच “रेलवे परिसर में दिल्ली से आई मुर्गी चूजों की खेप” को लेकर फैली खबरों पर पशु चिकित्सा विभाग ने स्थिति स्पष्ट की है। कलेक्टर के निर्देश पर रेलवे अधिकारियों से जानकारी ली गई। रेलवे मंडल वाणिज्य प्रबंधक के अनुसार, गाड़ी क्रमांक 12442 राजधानी एक्सप्रेस से 17 डिब्बों में चूजे बिलासपुर लाए गए, जिन्हें आकाश नायक द्वारा प्राप्त कर रायगढ़ भेजा गया।प्रशासन ने संबंधित व्यक्ति से चर्चा के बाद स्पष्ट किया कि चूजों में किसी भी प्रकार के संक्रमण के लक्षण नहीं पाए गए और उन्हें सुरक्षित रायगढ़ पहुंचा दिया गया। साथ ही भविष्य में ऐसी खेपों की पूर्व सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।




