
बिलासपुर जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के उद्देश्य से 108 एम्बुलेंस सेवा में 16 नई एम्बुलेंस शामिल की गईं। जिला कलेक्टोरेट परिसर से इन एम्बुलेंस को विधिवत हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गति में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।इस कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, दिलीप लहरिया, सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, कलेक्टर संजय अग्रवाल और सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि नई मिली 16 एम्बुलेंस में से 3 अत्याधुनिक एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) प्रणाली से सुसज्जित हैं। ये एम्बुलेंस चलती-फिरती आईसीयू की तरह काम करेंगी, जिनमें वेंटिलेटर, मॉनिटरिंग सिस्टम, ऑक्सीजन सपोर्ट और अन्य जीवनरक्षक उपकरण उपलब्ध रहेंगे, जिससे गंभीर मरीजों को तुरंत उपचार मिल सकेगा।इन एम्बुलेंस को जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों जैसे सकरी, सीपत, बिल्हा, मस्तुरी, कोटा, रतनपुर, जिला अस्पताल और सिम्स में तैनात किया जाएगा। इससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं पहले से अधिक सुलभ और प्रभावी हो सकेंगी।




