
असम विधानसभा चुनाव से पहले बिजनी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने जनसंपर्क अभियान को तेज कर दिया है। आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने क्षेत्र के दौरे के दौरान संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने पर जोर दिया। उन्होंने भाजपा कार्यालय में बूथ अध्यक्षों की बैठक लेकर जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए और कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा के साथ चुनाव में जुटने का आह्वान किया।

इसके बाद उन्होंने थुरीबारी और रीबारी मंडलों के बोरलाऊ, लाऊ और मकनागड़ी गांवों में भाजपा प्रत्याशी अरूप कुमार डे के समर्थन में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की।जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों में उत्साह और समर्थन स्पष्ट दिखाई दिया। लोगों ने विकास और स्थिर नेतृत्व के प्रति भरोसा जताया। मंत्री साहू ने कहा कि जनता का यह समर्थन संकेत दे रहा है कि भाजपा और एनडीए गठबंधन को चुनाव में प्रचंड बहुमत मिलेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा सरकार बनाकर विकास कार्यों को और गति देगी।




