
शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने और प्रमुख चौक-चौराहों व बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए नगर निगम बिलासपुर और ट्रैफिक पुलिस बिलासपुर की संयुक्त टीम ने सड़कों पर उतरकर व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान अवैध रूप से खड़े वाहनों, ठेले-खोमचों और बेजा कब्जों को हटाने की कार्रवाई की गई।अभियान के तहत शहर के व्यस्त बाजारों और मुख्य मार्गों पर लंबे समय से जमे अतिक्रमण को निशाना बनाया गया। अधिकारियों ने सख्ती दिखाते हुए सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटवाया और फुटपाथ व सड़कों पर फैले अस्थायी अतिक्रमण को तत्काल साफ कराया, जिससे यातायात सुचारू बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया गया।कार्रवाई के दौरान कई जगहों पर अतिक्रमणकारियों ने निगम और पुलिस टीम का विरोध करते हुए बहस भी की, लेकिन प्रशासनिक सख्ती के आगे किसी की एक नहीं चली। टीम ने स्पष्ट कर दिया कि सार्वजनिक मार्गों पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ऐसे सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे। आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें और सड़क पर अव्यवस्था फैलाने से बचें, ताकि सभी को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।




