
बिलासपुर जिले में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। विभाग हाईवे पर ट्रैक्टर सहित छोटे वाहनों को पकड़कर उन पर भारी जुर्माना लगा रहा है, जिससे अवैध उत्खनन पर अंकुश लगाया जा सके। हालांकि, विभाग की इस कार्रवाई को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि खनिज विभाग केवल छोटे वाहनों, विशेषकर ट्रैक्टरों पर ही कार्रवाई कर रहा है, जबकि बड़े वाहन और बड़े स्तर पर होने वाले अवैध उत्खनन पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।इसी मुद्दे को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे। बिलासपुर भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने बताया कि अवैध उत्खनन की शिकायत कई बार खनिज अधिकारियों से की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग को प्रमाण भी उपलब्ध कराए गए, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।ग्रामीणों का कहना है कि केवल छोटे वाहन चालकों पर कार्रवाई करना अनुचित है और इससे आम लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। ज्ञापन के माध्यम से कलेक्टर से मांग की गई है कि अवैध खनन के खिलाफ निष्पक्ष और समान रूप से कार्रवाई की जाए, ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके।




