
कोरबा :- कोरबा जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम छिंदपुर में CAF के जवान टेकराम बिंझवार ने दिनदहाड़े गोलीबारी कर साली और चाचा ससुर की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपने सर्विस रायफल से एक के बाद एक कई राउंड फायर किए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।सूत्रों के अनुसार आरोपी जवान 13वीं बटालियन बांगो में आर्मोरर के पद पर तैनात था और मंगलवार को मुख्यमंत्री के कोरबा प्रवास की सुरक्षा ड्यूटी में भी शामिल था। लेकिन ड्यूटी पूरी करने के बाद वह अपने ससुराल पहुंच गया और वहां अचानक इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया।स्थानीय लोगों ने बताया कि सबसे पहले आरोपी ने अपनी साली मंदासा पर गोली चलाई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने चाचा ससुर राजेश बिंझवार को भी बीच सड़क पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौत के घाट उतार दिया। घटना के दौरान एक और परिजन गंभीर रूप से घायल हुआ है जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहशत में आ गया। ग्रामीणों ने साहस दिखाकर आरोपी जवान को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। हत्या की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है, लेकिन पारिवारिक और मानसिक तनाव को कारण माना जा रहा है। दोहरी हत्या की इस वारदात से हरदीबाजार क्षेत्र और पुलिस महकमे में सनसनी फैल गई है।




