
बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में छात्रों के साथ हो रहे अन्याय और प्रशासनिक मनमानी के विरोध में NSUI ने मोर्चा खोल दिया है। प्रेस वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष लक्की मिश्रा, जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह, विश्वविद्यालय उपाध्यक्ष सार्थक मिश्रा, छात्र नेता सुदीप शास्त्री और आदेश यादव ने संयुक्त रूप से कुलपति आलोक चक्रवाल को हटाने की मांग उठाई। उन्होंने विश्वविद्यालय में किए जा रहे पक्षपात, भ्रष्टाचार और मनमाने निर्णयों के खिलाफ उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।

लक्की मिश्रा ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। बिना किसी ठोस कारण के छात्र सुदीप शास्त्री का टीसी और सीसी जारी किया गया, जो छात्रविरोधी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि असहमति जताने वाले छात्रों को निशाना बनाने और प्रक्रिया का पालन किए बिना नामांकन समाप्त करने की प्रवृत्ति लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। NSUI ने विश्वविद्यालय प्रशासन को 10 दिनों का अल्टीमेटम जारी करते हुए चेतावनी दी कि यदि सुदीप शास्त्री का टीसी और सीसी वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन सड़क से लेकर विश्वविद्यालय गेट तक चलाया जाएगा। इसे एक छात्र नहीं बल्कि पूरे छात्र समुदाय के अधिकारों की लड़ाई बताया। रंजीत सिंह ने कहा कि आंदोलन के तहत धरना, रैली और कुलपति आवास का घेराव करने से भी NSUI पीछे नहीं हटेगी।




