जिले में हर मतदाता को जागरूक करने और मतदान केन्द्र तक लाने जिला प्रशासन द्वारा स्वीप की गतिविधियां व्यापक पैमाने पर आयोजित की जा रही है। इसमें हर वर्ग अपनी भागीदारी बखूबी निभा रहा है। जिले के ऑटो चालकों ने भी लोगों को मतदान के लिए जागरूक करने का संकल्प लिया है। आरटीओ और यातायात पुलिस के जरिए इस अभियान को गति देते हुए शनिवार को स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड में स्वीप का कार्यक्रम आयोजित किया गया।



ऑटो चालकों ने ऑटो के जरिए शत प्रतिशत वोट की आकृति बनाकर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश शरण ने जिला ऑटो संघ के सदस्यों को स्वीप का दूत बनाकर उन्हें लोकसभा निर्वाचन सहित अन्य निर्वाचनों में अपने मताधिकार का उपयोग करने की शपथ दिलायी। बस और ऑटो में 07 मई को वोट देने की अपील युक्त पोस्टर लगाया गया। कलेक्टर ने स्वयं वाहनों में पोस्टर लगाया।





