एफसीआई गोदाम व्यापार विहार में 65 साल पुराने निजी गोदाम के सामने रसूखदारों ने बाउंड्रीवाल बनाकर फिर से गोदाम का रास्ता बंद कर दिया है। नगर निगम ने पहले बाउंड्री वॉल को गिरा दिया था। इसके बाद फिर से दीवार खड़ी कर दी गई है। निगम ने संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी करने की खानापूर्ति की, लेकिन कार्रवाई नहीं की जा रही है। जिससे गोदाम मालिक में आक्रोश है और निगम की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्न चिन्ह लग रहा हैं।

गोदाम के मालिक हरदीप सिंह होरा ने निगम में शिकायत कर बताया कि उनके गोदाम के सामने बाउंड्रीवाल बनाकर गोदाम पर कब्जा किया जा रहा है। बाउंड्रीवाल से गोदाम ब्लॉक हो गया है। यहां आने-जाने के लिए जगह नहीं है। उन्होंने बताया कि गोदाम के बाहर 60 फीट की सीसी सड़क है, जो निगम की है। कब्जाधारी की यहां जमीन नहीं होने के बाद भी अवैध रूप से बाउंड्री उठा लिया है। आसपास के लोगों का कहना है कि रसूखदरों द्वारा इस प्रकार अवैध निर्माण गलत है, शिकायत के बावजूद भी निगम ईस ओर कोई कार्यवाही नहीं कर रही।

पूर्व में निगम और पुलिस में शिकायत के बाद कार्रवाई हुई थी, लेकिन निगम दोबारा कार्रवाई नहीं कर रहा है। गोदाम संचालक का कहना है कि निगम बस स्टैंड के पास अवैध कबाड़ी दुकान को तोड़ सकता है। तो अवैध बाउंड्रीवॉल को क्यों नहीं। शिकायत के बाद निगम ने शिकायतकर्ता से भी गोदाम का दस्तावेज मांगा था तो उन्होंने गोदाम का पूरा दस्तावेज भी सौंप दिया है। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं की जा रही है।



