
जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ट्रकों से करीब 75 टन लोहे का अवैध स्क्रैप जब्त किया है। स्क्रैप की अनुमानित कीमत 23.69 लाख रुपये बताई जा रही है, जबकि जब्त वाहनों की कीमत करीब 37 लाख रुपये है। इस तरह कुल 60.69 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।पूंजीपथरा, पुसौर और कोतरारोड़ थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए बिना वैध दस्तावेज के परिवहन हो रहे स्क्रैप को पकड़ा। पूंजीपथरा में 18 चक्का ट्रक से करीब 31 टन स्क्रैप, पुसौर में 25.62 टन और कोतरारोड़ क्षेत्र में 19 टन लोहे का कबाड़ जब्त किया गया। तीनों मामलों में ट्रक चालकों से माल से संबंधित दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने वाहन और स्क्रैप को जब्त कर कार्रवाई की।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में अवैध कबाड़ परिवहन और चोरी के माल की खरीदी-फरोख्त पर पुलिस की कड़ी नजर है। ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




