कलेक्टर अवनीश शरण ने कोटा ब्लॉक के ग्राम शिवतराई में जिला और ब्लाॅक स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर पीएम जनमन योजना की विस्तार से गहन समीक्षा की। उन्होंने इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पी व्ही टी जी को योजना से जोड़कर सेचुरेशन लेवल हासिल करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि पीएम जनमन योजना के लक्ष्यों को प्राप्त करने में पूरी तन्मयता से काम करें।



कलेक्टर ने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नही की जाएगी। उन्होंने कहा कि विशेष पिछड़ी जनजाति समूहों और उनकी बसाहटों का संपूर्ण विकास करना ही इस योजना का लक्ष्य है। बैठक में बताया गया कि योजना के तहत पक्के मकान के लिए 292 हितग्राहियों को प्रथम किश्त की राशि जारी की गई है है। कलेक्टर ने स्वीकृत सभी कामों को तत्काल शुरू करवाकर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि काम पूरी गुणवत्ता के साथ किया जाए। समय पर सभी किश्त जारी की जाए। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अब तक 1357 हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए किया जा चुका है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि हर बसाहट में हर पखवाड़े मोबाइल मेडिकल यूनिट जाए। 4 हजार 198 हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड बना लिया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि बचे हुए लोगो का भी जल्द आयुष्मान कार्ड बनाएं।



