
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिले में साप्ताहिक जनदर्शन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और निराकरण योग्य आवेदनों का तत्काल निपटारा करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में मोहम्मद रशीद कुरैशी द्वारा विद्युत पोल हटाने, ग्राम घोरामार के सरपंच द्वारा जल जीवन मिशन के तहत निर्मित पानी टंकी एवं पाइपलाइन की जांच, श्रीमती ऊषा बाई कश्यप द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास दिलाने तथा ग्राम बन्नाकडीह के ग्रामीणों द्वारा राशन वितरण में अनियमितता और शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण जैसी विभिन्न समस्याएं रखी गईं। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।इसके बाद कलेक्टर ने चार्ज ग्रहण करने के पश्चात पहली टीएल बैठक ली और सुशासन तिहार सहित राज्य शासन की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी व्यक्तिगत रूप से प्रत्येक आवेदन पढ़ें, समझें और आवेदकों से संवाद कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती, 108 एवं 102 एंबुलेंस सेवाओं की तत्परता, पौधारोपण अभियान, भूजल संरक्षण, स्कूलों में शौचालय निर्माण और अवैध शराब के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के भी निर्देश जारी किए।बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत शेष बचे किसानों का पंजीयन अभियान चलाकर शीघ्र पूर्ण करने, अत्यंत गरीब परिवारों की सूची तैयार कर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और शासन के पत्रों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निगम आयुक्त, डीएफओ, एडीएम सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी पूर्ण समर्पण भाव से कार्य करें, ताकि जिले में सुशासन की स्थापना के साथ जनविश्वास और जनसंतोष को मजबूती मिल सके।




