
छत्तीसगढ़ कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारी संघ जिला शाखा बिलासपुर का जिलास्तरीय निर्वाचन पुराना बस स्टैंड बिलासपुर में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष पदों के लिए निर्वाचन किया गया निर्वाचन परिणाम में दिग्विजय सिंह क्षत्री लगातार दूसरी बार निर्विरोध जिलाध्यक्ष निर्वाचित हुए। इसी तरह मस्तूरी ब्लॉक से मनोज खांडेकर, बिल्हा ब्लॉक से विजय सूर्यवंशी, तखतपुर से असित तिर्की दूसरी बार निर्विरोध चुने गए, जबकि कोटा ब्लॉक से कलेश्वर बंजारे निर्विरोध निर्वाचित हुए।निर्वाचन की प्रक्रिया मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्रीकांत मिश्रा और सहायक निर्वाचन अधिकारी डॉ. शीला शर्मा की देखरेख में सम्पन्न हुई। निर्वाचन के पश्चात शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कृषि स्नातक अधिकारियों के हितों की रक्षा के साथ-साथ 4300 ग्रेड पे, पदनाम संशोधन और पदोन्नति जैसी प्रमुख मांगों को पूरा कराने के लिए संघर्ष का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में चंद्रशेखर पांडे अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


